बुलंदशहर जययात्रा: जनपद बुलंदशहर की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। पुरुषों की तर्ज पर अब बुलंदशहर में भी ओपन टी-20 वूमेन क्रिकेट लीग का आयोजन किया जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित लीग के लिए आवेदन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हुई, जबकि टूर्नामेंट का आगाज 15 फरवरी से किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित लीग बालाजी क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित की जा रही है। इच्छुक महिला क्रिकेटर एकेडमी पहुंचकर सीधे आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के बाद खिलाड़ियों के ट्रायल लिए जाएंगे जिसके आधार पर चार टीमों का गठन किया जाएगा।
बालाजी क्रिकेट एकेडमी के कोच मुनेश गिरी ने बताया कि जिले की महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को आईपीएल की तर्ज पर बेहतरीन मंच देने के उद्देश्य से इस ओपन लीग का आयोजन किया जा रहा है। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले टी-20 अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार खेले जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को प्रोफेशनल क्रिकेट का अनुभव मिल सके। 14 से 30 वर्ष की आयु वर्ग की जिले की महिला क्रिकेट खिलाड़ी इस लीग में प्रतिभाग कर सकती हैं। 15 फरवरी से पहले ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। लीग में सिर्फ बुलंदशहर जिले की महिला खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगी। सभी मैच नगर के डीएवी कॉलेज के मैदान पर खेले जाएंगे। महिला क्रिकेट को नई उड़ान देने वाली यह लीग जिले की उभरती खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बेहतरीन अवसर साबित होगी। इच्छुक खिलाड़ी अधिक जानकारी के लिए बालाजी क्रिकेट एकेडमी से संपर्क कर सकती हैं।
महिला क्रिकेटरों के लिए सुनहरा मौका, ओपन टी-20 वूमेन क्रिकेट लीग का ऐलान
RELATED ARTICLES



