बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के डिबाई से भाजपा विधायक की भतीजी हेलीकॉप्टर से ससुराल रवाना हुईं। इस अनोखी विदाई को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। अनूपशहर क्षेत्र में हुआ यह नज़ारा किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं लग रहा था।
हेलीकॉप्टर को स्कूल के ग्राउंड में बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर उतारा गया था। सुरक्षा के मद्देनज़र हेलीपैड के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई थी और पुलिस बल तैनात रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीमें भी मौजूद रहीं। जैसे ही दूल्हा-दुल्हन फोटो सेशन के लिए बाहर आए, कैमरामैन और फोटोग्राफर बेहतरीन तस्वीरें कैद करने में जुट गए। स्कूल मैदान में लग्जरी गाड़ियों की लंबी कतारें इस शाही शादी की भव्यता को दर्शा रही थीं। फोटो सेशन के बाद विधायक और परिजनों ने बेटी को भावुक माहौल में हेलीकॉप्टर तक पहुंचाया और विदा किया। हेलीकॉप्टर के उड़ान भरते ही वहां मौजूद लोग इस अनोखी विदाई को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने ऐसी विदाई अब तक सिर्फ फिल्मों में ही देखी थी।
बताया जा रहा है कि विधायक की भतीजी का विवाह नोएडा के एक उद्योगपति परिवार में हुआ है। इस शाही अंदाज़ में हुई विदाई ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है।
हेलीकॉप्टर से विदाई: डिबाई विधायक की भतीजी की शादी बनी चर्चा का विषय, फिल्मी अंदाज़ में उमड़ी भीड़
RELATED ARTICLES



