बुलंदशहर, डस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के शिकारपुर में गुरुवार को पशु एंबुलेंस एक बीमार पशु की गंभीर स्थिति की सूचना मिलने पर निकली थी। जैसे ही एंबुलेंस बीडीओ ऑफिस के सामने पहुंची तभी वह सड़क पर बने एक गड्ढे में फंस गई। स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस को गड्ढे से बाहर निकलना जिसके बाद वह अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई।
आपको बता दें कि पशुपालन विभाग को एक पशु के बीमार होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पशुपालन विभाग की मोबाइल वेटरनरी यूनिट पशु के इलाज के लिए दौड़ी, लेकिन जैसे ही पशु एंबुलेंस ब्लॉक कार्यालय के पास पहुंची तो सड़क पर बने एक गहरे गड्ढे में एंबुलेंस के पहिए फंस गए। एंबुलेंस घंटों तक गड्ढे में फंसी रही जिससे टीम के सदस्यों और चालक को उसे निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान बीमार पशु को देखने जाने में भी घंटों लग गए। लोगों ने किसी तरह एंबुलेंस को गड्ढे से बाहर निकाला जिसके बाद फिर से एंबुलेंस अपने गंतव्य की ओर दौड़ पड़ी। खंड विकास अधिकारी जसवंत सिंह ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क के किनारे गड्ढे खोदे गए थे जो अभी तक भरे नहीं है। इस कारण एंबुलेंस गड्ढों में फंस गई। मामले से संबंधित विभाग को अवगत करा दिया गया है। गड्ढों को दो से तीन दिन में भर दिया जाएगा।



