बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना डिबाई कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला बिजुरिया निवासी महिला को खेत में सांप ने डंस लिया। परिजन महिला को चिकित्सक के पास ले जाने की बजाय झाड़-फूंक कराने के लिए मुरादपुर गांव ले गए जहां उसकी हालत बिगड़ती चली गई। हालत गंभीर होने पर परिजन महिला को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं महिला की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आपको बता दें कि नगला बिजुरिया निवासी बाबू सिंह का कहना है कि वह बेलदारी करते हैं। मंगलवार की शाम करीब साढ़े चार बजे उनकी पत्नी 36 वर्षीय सुनीता खेत में चारा लेने गई थी। चारा काटते समय पांच फीट लंबे कोबरा सांप ने उनके पैर में डंस लिया। सांप के डसने के बाद महिला ने शोर मचाया। शोर की आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और महिला का हाल जाना। महिला को उपचार के लिए परिजन गांव मुरादपुर झाड़-फूंक के लिए ले गए जहां उसकी हालत ओर भी अधिक बिगड़ती चली गई। इसके बाद परिजन बिना देरी किए महिला को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे जहां चिकित्सको ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतक महिला के चार बच्चे हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि महिला को सांप ने डंसा था। शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने गमगीन माहौल में गंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार किया।
सांप के डंसने पर परिजनों ने कराया महिला का झाड़-फूंक, मौत
RELATED ARTICLES


