बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना औरंगाबाद क्षेत्र के गांव बालका में सोमवार को एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर रजवाहे में पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक श्रीपाल निवासी पोथ समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना के समय वहां से गुजर रहे राहगीरों और ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और रजवाहे में पलटी ई-रिक्शा से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए भेजा गया। समय रहते राहत और बचाव कार्य होने से बड़ा हादसा होने टल गया। जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव बालका के पास रजवाहे पर लंबे समय से पक्की पुलिया नहीं बनी है। रास्ता संकरा होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन अक्सर अनियंत्रित हो जाते हैं और रजवाहे में गिरने का खतरा बना रहता है। ग्रामीण विपिन ठाकुर के मुताबिक, पुलिया के अभाव में यह रास्ता लोगों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि पहले भी कई वाहन रजवाहे में गिर चुके हैं और लोग घायल हुए हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन को कई बार समस्या से अवगत कराया, लेकिन अभी तक पुलिया का निर्माण नहीं हो सका है। अब क्षेत्रीय लोगों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द रजवाहे पर पक्की पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है ताकि राहगीरों और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
कार लीज़ पर लेने हेतु संपर्क करें: 7906175311, नई गाड़ी 50% कीमत पर ले जाएं



