बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना बुलंदशहर देहात क्षेत्र के गांव भाईपुरा निवासी एक युवती की हत्या के आरोप में उसके पिता और भाई को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बीमा की रकम हड़पने के लिए दोनों ने युवती की हत्या की और शव को गुजरात से बुलंदशहर लाकर गांव में दफना दिया।
आपको बता दें कि मृतका की पहचान सोफिया के रूप में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, सोफिया की हत्या गुजरात में उसके पिता और भाई हाबिल ने की थी। इसके बाद शव को वहां से लाकर गांव में दफना दिया गया। शुरुआत में हत्या को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरा मामला खुल गया। गुजरात पुलिस ने मृतका के पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और दोनों ने पूछताछ में हत्या की बात कबूली।
जानकारी के अनुसार, सोफिया के नाम करीब 80 लाख रुपये का बीमा था। आरोप है कि इसी रकम को हड़पने के लिए उसकी हत्या की गई। सोफिया अहमदाबाद के बापोल इलाके के निजी अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी। करीब तीन महीने पहले एक युवक के साथ उसका वीडियो वायरल हुआ था जिसको लेकर परिवार नाराज था। आरोप है कि पिता और भाई सोफिया को बाइक पर लेकर घुमाने के लिए निकले थे। रास्ते में बाइक को गांव घेलजीपुरा के पास सुनसान जगह पर मोड़कर भाई ने हथौड़े से सोफिया के सिर पर तीन वार किए। हथौड़े की वार से सोफिया बेहोश हो गई। इसके बाद उसे बाइक से नीचे फेंक दिया गया। इसके बाद दो वार और किए गए जिससे सोफिया की मौत हो गई। पिता पैदल वहां से घर चले गए। हत्या के बाद मामले को सड़क हादसा दिखाने के लिए बाइक को भी क्षतिग्रस्त किया गया और हाबिल ने पुलिस को मामले की सूचना दी। 12 अगस्त की रात अहमदाबाद में सड़क पर सोफिया का शव मिला था। 14 अगस्त को सोफिया का शव अहमदाबाद से बुलंदशहर के भाईपुरा गांव लाया गया था। शुरुआत में इसे सड़क हादसा बताया गया, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर हत्या का खुलासा हुआ। फिलहाल गुजरात पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोफिया मोहम्मद फारूक की तीसरे नंबर की बेटी थी। दो बहनों की शादी हो चुकी है। सोफिया का एक भाई है।
कार लीज़ पर लेने हेतु संपर्क करें: 7906175311, नई गाड़ी 50% कीमत पर ले जाएं



