बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के शिकारपुर तहसील क्षेत्र के गांव कैलावन बिजली घर (पावर हाउस) में लाइनमैन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वह बिजली घर परिसर में बैठकर शराब पीता नजर आ रहा है।
वीडियो सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों में विभागीय लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जहां एक ओर प्रदेश सरकार बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं कुछ कर्मचारी सरकारी प्रतिष्ठानों को अय्याशी का अड्डा बना रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वीडियो वायरल होने के बाद एक्सईएन शिकारपुर मनीष मथुरिया ने मामले का संज्ञान ले लिया है। संबंधित लाइनमैन की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे कर्मचारियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी कर्मचारी इस तरह का खिलवाड़ न कर सके।


