बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में दिल्ली और नोएडा के बाद अब बुलंदशहर भी जल्द इलेक्ट्रिक बस सेवा (ई-बस) के नेटवर्क से जुड़ने जा रहा है। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो इस दिवाली पर बुलंदशहर के लोगों को ई-बसों में सफर करने का तोहफा मिल सकता है।
गाजियाबाद परिक्षेत्र को पिछले माह मुख्यालय से ई-बसें मिलने के बाद बुलंदशहर डिपो में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। डिपो वर्कशॉप पर चार्जिंग स्टेशन तैयार कर लिया गया है और 30 चालकों को ई-बस संचालन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अब परिवहन निगम के अधिकारी रूट तय कर संचालन शुरू करने की प्रक्रिया में जुटे हैं। जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत कौशांबी से बुलंदशहर के बीच पांच ई-बसें चलाने की तैयारी है। ये आधुनिक बसें 42 सीटर, वातानुकूलित (एसी), कैमरों और अत्याधुनिक सेंसर से लैस होंगी। इससे यात्रियों को न केवल आरामदायक बल्कि सुरक्षित सफर का अनुभव मिलेगा। बुलंदशहर डिपो के एआरएम परमानंद ने बताया कि कौशांबी से नोएडा के बीच ई-बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। बहुत जल्द कौशांबी से बुलंदशहर के बीच भी ई-बस सेवा शुरू की जाएगी। स्थानीय लोगों में इस खबर से उत्साह है, क्योंकि ई-बस सेवा शुरू होने से न केवल सफर आसान होगा बल्कि प्रदूषण पर भी नियंत्रण में मदद मिलेगी।
बुलंदशहर: दिवाली पर चलेंगी ई-बसें, अब दिल्ली-नोएडा की तरह यहां भी सफर होगा हाइटेक और आरामदायक
RELATED ARTICLES