बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना जहांगीराबाद क्षेत्र से 10 माह की बच्ची के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई, लेकिन पुलिस की तत्परता के चलते मात्र दो घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, थाना जहांगीराबाद पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि बाइक सवार तीन युवक एक 10 माह की बच्ची को लेकर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत टीमों का गठन किया और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आसपास के थानों और अन्य जनपदों को भी सूचना देकर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि मात्र दो घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि बाइक सवार युवक बच्ची को अपने परिचित के परिवार की बच्ची समझकर गलतफहमी में साथ ले गए थे। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार तीनों युवकों की पहचान हो गई है, जो बाल अपचारी हैं और कस्बा जहांगीराबाद के निवासी हैं। मामले में बच्ची की मां से प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
2 घंटे में बरामद हुई 10 माह की अपहृत बच्ची, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
RELATED ARTICLES



