बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद क्षेत्र में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। दूध देकर घर लौट रहे एक दूधिया को रास्ते में घेरकर बेरहमी से पीटा गया और उसके पास मौजूद 70 हजार रुपये की नकदी लूट ली गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार व उसके तीन साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि इस्माईलपुर निवासी लवलेश यादव ने पुलिस को बताया कि वह सोमवार शाम सिकंदराबाद स्थित डेयरी पर दूध देने के बाद अपनी कार से गांव लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे जैसे ही वह बिलसूरी–इस्माईलपुर मार्ग पर गांव के बाहर तिराहे के पास पहुंचे, तभी एक बाइक सवार ने उनकी कार रोक ली। इसी दौरान पीछे से तीन अन्य लोग आ गए और चारों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि बदमाशों ने डंडों से कार का शीशा तोड़ दिया और लवलेश यादव को जबरन बाहर खींच लिया। इसके बाद उन पर जानलेवा हमला किया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित के अनुसार, डेयरी से दूध बेचकर लाए गए 70 हजार रुपये भी मौके से गायब मिले, जिससे लूट की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। सीओ सिकंदराबाद भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार और उसके तीन साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
दूधिया पर जानलेवा हमला, बदमाश 70 हजार की नकदी लूटकर हुए फरार
RELATED ARTICLES



