बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में स्थित लुहारली टोल प्लाजा पर ईमानदारी की अनोखी मिसाल देखने को मिली। जब एक सिक्योरिटी गार्ड ने कार सवार का रुपयों से भरा थैला सुरक्षित लौटाया। सिक्योरिटी गार्ड के इस ईमानदारी की सभी ने सराहना की।
आपको बता दें कि टोल प्लाजा की एक लेन से गुजरते समय एक कार सवार का नोटों से भरा थैला गिर गया। कार चालक को इसकी भनक तक नहीं लगी और वह आगे बढ़ गया। तभी ड्यूटी पर तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड विशाल सोम ने थैला देख लिया जब उसने थैला उठाया तो उसमे कुल 27 हजार 950 रुपये रखे हुए थे। इसके बाद सिक्योरिटी गार्ड ने टोल प्रबंधन को सूचना दी। टोल मैनेजर ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर कार स्वामी का पता लगाया। कुछ ही समय में वाहन स्वामी से संपर्क स्थापित किया गया और उसे टोल प्लाजा बुलाकर पूरी धनराशि सुरक्षित सौंप दी गई। रुपये वापस पाकर कार चालक ने राहत की सांस ली और सिक्योरिटी गार्ड व टोल प्रबंधन का आभार जताया। बताया जा रहा है कि कार सवार किसी पारिवारिक कार्यक्रम में भात देने जा रहा था। इस घटना के बाद टोल प्लाजा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विशाल सोम की ईमानदारी की भूरि-भूरि प्रशंसा की। टोल प्रबंधन का कहना है कि ऐसे कर्मचारी संस्था की साख को मजबूत करते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
लुहारली टोल प्लाजा पर ईमानदारी की मिसाल: सिक्योरिटी गार्ड ने लौटाया 27,950 रुपये से भरा थैला
RELATED ARTICLES



