बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना जहांगीराबाद क्षेत्र में नवजात शिशु की गर्दन काटने के मामले में फरार चल रही आशा कार्यकर्ता रुपवती को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी रुपवती को न्यायलय में पेश कर जेल भेज दिया है, लेकिन फरार दाई जमीला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार इधर-उधर दबिश दे रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आपको बता दें कि मामला 25 जनवरी 2026 का है। जब एक गर्भवती महिला को बहला-फुसलाकर अवैध केंद्र जो कि आरोपी दाई जमीला का घर है, पर ले जाया गया था। आरोप है कि जबरन प्रसव कराने के दौरान जब विफलता हाथ लगी तो आरोपियों ने नवजात की गर्दन काट दी, जिससे उसका धड़ वाला हिस्सा बाहर आ गया और गर्दन अंदर ही रह गई। घटना के बाद परिजनों ने हंगामा किया था और कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही नवजात का अंतिम संस्कार किया गया। जच्चा की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने नई बस्ती स्थित उस मकान को सील कर दिया, जहां आरोपी दाई जमीला लंबे समय से अवैध तरीके से प्रसव करवाती थी।
सीओ अनूपशहर विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि आशा कार्यकर्ता रूपवती को पुलिस ने जहांगीराबाद नगर के आहार बाईपास क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब पुलिस दाई जमीला की गिरफ्तारी के लिए लगातार इधर-उधर दबिश दे रही हैं।
नवजात की गर्दन काटने के मामले में आशा रुपवती गिरफ्तार, दाई जमीला की तलाश जारी
RELATED ARTICLES



