बुलंदशहर जययात्रा: जनपद बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र के लिए गर्व की खबर है। रामबांस पंचगाई निवासी पैरा क्रिकेटर अजय कुमार का चयन द पैरा क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया की टीम में हुआ है। वह आगामी अंतरराष्ट्रीय दौरे पर श्रीलंका में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आएंगे। उनके चयन की खबर मिलते ही स्वजन, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
आपको बता दें कि एक पैर से दिव्यांग होने के बावजूद अजय कुमार ने कभी अपने हौसलों को कमजोर नहीं पड़ने दिया। उन्होंने एनआरईसी कॉलेज से बीए की पढ़ाई पूरी की और क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को आगे बढ़ाया। वर्ष 2024 में लखनऊ के सहारा स्टेडियम में आयोजित 100 बॉल प्रतियोगिता के ट्रायल में हिस्सा लेकर उन्होंने अपने क्रिकेट करियर की मजबूत शुरुआत की। बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर अजय का चयन गोरखपुर टाइगर्स टीम में बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग के लिए हुआ। वहां उन्होंने शानदार खेल दिखाकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। उनकी निरंतर मेहनत और अनुशासन का ही परिणाम है कि अब उन्हें श्रीलंका इंटरनेशनल टूर के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है। अजय को 25 फरवरी को चेन्नई में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं जहां से पूरी टीम श्रीलंका के कोलंबो के लिए रवाना होगी। 26 फरवरी से 2 मार्च तक वन-डे मुकाबले खेले जाएंगे।
अजय कुमार ने कहा कि देश के लिए खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है। मैं पूरी मेहनत और लगन के साथ मैदान में उतरूंगा और बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। उनके चयन पर परिवारजनों, क्षेत्रीय लोगों और खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
खुर्जा: पैरा क्रिकेटर अजय कुमार का इंटरनेशनल टीम में चयन
RELATED ARTICLES



