बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना पहासू में 13 वर्ष पूर्व एक मामले के दौरान जब्त की गई लाइसेंसी पिस्टल गुम होने के मामले में सेवानिवृत्त हेड मोहर्रिर विजयपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हाईकोर्ट की ओर से मामले की जांच कर कार्यवाही करने के आदेश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है।
आपको बता दें कि 11 मई 2023 को कृष्णपाल सिंह पुत्र हरपाल सिंह निवासी गांव करौरा थाना पहासू में तहरीर देते हुए पुलिस को बताया कि गांव टक्कर की नगलिया के रहने वाले मनोज व अमित ने उनके भाई पप्पू,भतीजे विकास व नौकर शंकर के साथ गाली-गलौच करते हुए लाइसेंसी पिस्टल से जान से मारने की धमकी दी। मामले में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था तथा आरोपी अमित की लाइसेंसी पिस्टल रपट नंबर 47 पर थाने के मालखाने में दाखिल की गई। इसके बाद बुलंदशहर अपर जिला सत्र न्यायाधीश ने सुनवाई करते हुए 5 जनवरी 2018 को मनोज व अमित को दोषमुक्त कर दिया। इसके बाद अमित द्वारा अपनी लाइसेंसी पिस्टल रिलीज करने हेतु अपील की गई। तो ज्ञात हुआ कि मालखाने से उसकी पिस्टल गुम हो गई है। पिस्टल के गुम होने के संबंध में तत्कालीन सीओ शिकारपुर द्वारा जांच की गई तो (सेवानिवृत्त) हेड मोहर्रिर विजयपाल को दोषी मानते हुए 21 अक्टूबर 2019 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के समक्ष जांच प्रेषित की गई जिसके बाद एसएसपी ने सेवानिवृत्त हेड मोहर्रिर विजयपाल को दोषी मानते हुए पिस्टल की सरकारी कीमत 60,426/- रूपए सरकारी खजाने में जमा कराने के आदेश दिए। इसके बाद सेवानिवृत्त विजयपाल हेड मोहर्रिर ने 18 दिसंबर 2021 को सरकारी खजाने में 60,426/- रूपए जमा कर दिए। ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा 23 मार्च 2026 को तत्कालीन सेवानिवृत्त विजयपाल हेड मोहर्रिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए इसके बाद सेवानिवृत्ति विजयपाल हेड मोहर्रिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त हेड मोहर्रिर विजयपाल बागपत जिले के थाना छपरौली के गांव हेवा के रहने वाले हैं।
सीओ शिकारपुर शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि सेवानिवृत्त हेड मोहर्रिर ने ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरती और एक मामले में बरामद लाइसेंसी पिस्टल गुम हो गई थी। न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
मालखाने से चोरी हुई पिस्टल का मामला: ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर रिटायर्ड पुलिसकर्मी पर मुकदमा
RELATED ARTICLES



