बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में कार्तिक पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। बुलंदशहर डिपो से अनूपशहर, नरौरा और अहार गंगाघाट के लिए दो नवंबर से अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। डिपो प्रशासन के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पांच नवंबर से पहले ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का आना-जाना बढ़ जाएगा। ऐसे में यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए बुलंदशहर डिपो की करीब 30 बसें मेले के दौरान विशेष रूप से संचालित की जाएंगी। वर्तमान में बुलंदशहर से अनूपशहर के लिए प्रति घंटे एक बस चलाई जा रही है, लेकिन दो नवंबर से बसों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। यात्रियों की भीड़ के अनुसार बसों के अतिरिक्त फेरे भी लगाए जाएंगे। डिपो के एआरएम परमानंद ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा को लेकर रोडवेज पूरी तरह तैयार है। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर अनूपशहर के साथ-साथ नरौरा और अहार गंगाघाट के लिए भी विशेष बसों का संचालन किया जाएगा।
कार्तिक पूर्णिमा मेले के लिए दो नवंबर से बढ़ेगा रोडवेज बसों का संचालन
RELATED ARTICLES




