बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): बदायूं जिले में ड्यूटी के दौरान सोमवार को एक दरोगा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब दरोगा एक शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल परिसर में पहले वह बेंच पर बैठे, फिर अचानक लेट गए। कुछ ही देर में उनकी हालत गंभीर हो गई।
आपको बता दें कि मृतक दरोगा की पहचान कुंवरपाल के रूप में हुई है जो मूल रूप से बुलंदशहर जनपद के निवासी थे। उनकी करीब एक साल से बदायूं के उझानी कोतवाली में तैनाती थी। वर्तमान में उनका परिवार संभल जिले के चंदौसी में रह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दरोगा को अचानक सीने में तेज दर्द उठा। वहां मौजूद लोगों और अस्पताल स्टाफ ने तुरंत उन्हें सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। साथी पुलिसकर्मी और अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। कर्तव्यनिष्ठ दरोगा की ड्यूटी के दौरान हुई इस अचानक मौत से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
शव का पोस्टमार्टम कराने आए दरोगा को आया हार्ट अटैक, मौत
RELATED ARTICLES



