बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में गर्भवती महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के तहत गर्भवतियों को दी जाने वाली निशुल्क अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा पांच माह बाद फिर से शुरू कर दी गई है। अब गर्भवती महिलाएं योजना के अंतर्गत जिले के 40 निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर मैनुअल वाउचर के माध्यम से मुफ्त अल्ट्रासाउंड करवा सकेंगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले के 30 सरकारी चिकित्सालयों पर प्रत्येक माह की 1, 9, 16 और 24 तारीख को पीएमएसएमए शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, आवश्यक परामर्श और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार दोहरे ने बताया कि अगस्त माह में पोर्टल में तकनीकी अपडेट के चलते वाउचर जनरेट नहीं हो पा रहे थे जिससे यह सुविधा अस्थायी रूप से बाधित हो गई थी। अब तकनीकी समस्या दूर होने के बाद योजना को फिर से प्रभावी रूप से लागू कर दिया गया है। इस सुविधा के पुनः शुरू होने से गर्भवतियों को समय पर जांच का लाभ मिलेगा, जिससे जच्चा-बच्चा की सेहत बेहतर रहेगी।
गर्भवतियों को पीएमएसएमए के तहत फिर शुरू हुई नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड सुविधा
RELATED ARTICLES



