बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के यमुनापुरम स्थित एक प्लॉट में बनी झुग्गी-झोपड़ियों में मंगलवार की दोपहर अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते झुग्गियों में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि इस प्लॉट में कई परिवार रह रहे थे, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी हैं और यहां मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं। घटना के समय सभी लोग काम पर गए हुए थे, लेकिन एक तीन साल का मासूम बच्चा महेश घर के अंदर ही मौजूद था। गनीमत रही कि समय रहते बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उसकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के दौरान झुग्गियों में कई गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही। हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई सिलेंडर विस्फोट नहीं हुआ वरना नुकसान और भी भयानक हो सकता था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल अधिकारी प्रमोद कुमार शर्मा ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर तेजी से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जिसके चलते आग को समय रहते बुझा लिया गया।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
बुलंदशहर: यमुनापुरम में झुग्गियों में भीषण आग, तीन साल का मासूम बाल-बाल बचा
RELATED ARTICLES



