बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना नरसेना क्षेत्र में जमीन में दबा मिला नवजात शिशु के शव के मामले में एक नया मोड़ आया है। मामले में जेठानी ने थाने में तहरीर देते हुए अपनी आरोपी देवरानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि देवरानी ने नवजात के शव को खंडहर में एक छोटा गड्ढा खोदकर दबा दिया था। बाद में कुत्तों ने शव को खोदकर क्षत-विक्षत कर दिया जिससे मामला सबके सामने आया। जब ग्रामीणों ने नवजात का शव देखा तो उन्होंने दोबारा गड्ढा खोदकर उसे दबा दिया था। जेठानी की शिकायत पर पुलिस ने नवजात के शव को बाहर निकाला और उसके डीएनए का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
आपको बता दें कि जेठानी ने थाने में तहरीर देते हुए पुलिस को बताया कि उनकी देवरानी ने नवजात बच्चे को खंडहर में गड्ढा खोदकर दबा दिया है। जेठानी की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और गड्ढा खुदवाकर नवजात के शव को बाहर निकाल कर कब्जे में ले लिया। जेठानी का आरोप है कि उनकी देवरानी ने अपने नवजात की हत्या कर शव को फेंका है। वहीं आरोपी देवरानी का कहना है कि उन्होंने मृत बच्चे को जन्म दिया था जिसके बाद उसे घर के बराबर में खंडहर घर में दफना दिया था। आरोपी महिला का कहना है कि अगर उसे बच्चा मारना होता तो वह गर्भपात भी कर सकती थी।
जानकारी के अनुसार, देवरानी के पति की करीब 8 साल पहले कैंसर से मौत हो गई थी।वह गांव में रहकर मेहनत मजदूरी करते थे। पति की मृत्यु के बाद देवरानी अपनी बेटी के साथ रह रही थी, जबकि उसका बेटा ननिहाल में रहता है जेठानी का आरोप है कि करीब दो साल पहले सांस की मौत के बाद देवरानी के मोहल्ले के ही एक युवक से संबंध हो गए थे। फिलहाल पुलिस सभी प्रकरण पर जांच कर रही है।
सीओ रामकरण सिंह का कहना है कि जेठानी की शिकायत पर आरोपी महिला देवरानी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रसव करने वाली दाई के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
जमीन में दबे मिले नवजात के शव के मामले में मां पर मुकदमा दर्ज
RELATED ARTICLES


