बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के मुबारिकपुर में शनिवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पूठा गांव की ओर से सड़क निर्माण के लिए रोड़ी-बजरी लेकर आ रहा 10 टायरा ट्रक मुबारिकपुर के मोड़ पर सड़क की पुलिया धंसने से अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक सड़क किनारे लगी 11 केवी विद्युत लाइन के तीन खंभों से टकरा गया, जिससे वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें से दो खंभों पर गांव की विद्युत आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मर भी लगे थे। वहीं, लाइन के तारों में खिंचाव आने से एक अन्य बिजली का खंभा टूटकर ट्रक के ऊपर जा गिरा।
गनीमत रही कि दुर्घटना के समय संबंधित 11 केवी लाइन की विद्युत आपूर्ति बंद थी। इससे बड़ा हादसा टल गया और ट्रक चालक भी पूरी तरह सुरक्षित बच निकला। हादसे के बाद सड़क पर बिजली के खंभे और तार गिरने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया। इस दुर्घटना के कारण मुबारिकपुर और आसपास के क्षेत्रों की 11 केवी विद्युत लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।
सड़क की पुलिया धंसने से पलटा 10 टायरा ट्रक, 11 केवी लाइन के खंभे टूटे
RELATED ARTICLES


