बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर क्षेत्र में शनिवार को बदमाशों ने गैस एजेंसी के हॉकर को झांसे में लेकर करीब 10,500 रुपये की नकदी पार कर दी। वारदात बाग रिसालदार पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई। घटना के बाद बाइक सवार आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खुर्जा के पंजाबियान अशोका स्कूल के पास रहने वाले राकेश कुमार पुत्र महेंद्र सिंह रॉयल गैस एजेंसी में डिलीवरी मैन (हॉकर) के रूप में कार्यरत हैं। शनिवार, 8 अगस्त को राकेश 12 सिलेंडरों की बिक्री से प्राप्त कलेक्शन की रकम और घर से लाए 6,000 रुपये समेत करीब 10,500 रुपये की नकदी लेकर शोरूम के सामने सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचा और खुले पैसे की मांग करने लगा। आरोप है कि आरोपी ने बातचीत में उलझाकर राकेश के सिर पर अंगोछा रख दिया। इसी दौरान हाथ की सफाई दिखाते हुए उसने उनके हाथ से नोटों की गड्डी छीन ली। इसके बाद आरोपी राकेश का हाथ पीछे करते हुए दूसरी तरफ भागा, जहां उसका साथी पहले से बाइक स्टार्ट कर खड़ा था। दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल गैस एजेंसी के कर्मचारियों और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। राकेश कुमार ने कोतवाली नगर पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बाग रिसालदार चौकी प्रभारी शुभम चौधरी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
खुर्जा: गैस एजेंसी हॉकर से 10,500 रुपये की ठगी
RELATED ARTICLES


