बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर की डीएम रोड स्थित होली चाइल्ड हेल्थ केयर हॉस्पिटल में उपचार के दौरान डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, खानपुर कस्बा निवासी वसीम के डेढ़ वर्षीय बेटे अहद को गंभीर एनीमिया के चलते 21 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक, जांच में बच्चे का हीमोग्लोबिन स्तर महज 4.2 ग्राम प्रति डेसीलीटर पाया गया था। रविवार दोपहर करीब दो बजे उपचार के दौरान बच्चे की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। अहद की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने अस्पताल में हंगामा करते हुए चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाल सुजीत कुमार उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया।bवहीं, परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव को अपने साथ घर ले गए। मामले को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार दोहरे ने संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल में डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
RELATED ARTICLES


