बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में लॉ स्टूडेंट अंकुर चौधरी की मौत के बाद अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। दर्जनों वकील खुर्जा कोतवाली पहुंचे और थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। वकीलों ने मांग की कि अंकुर चौधरी की हत्या के मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून यानी NSA के तहत कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए मृतक के परिवार को सुरक्षा और उचित मुआवजा देने की मांग भी की गई।
जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त को खुर्जा क्षेत्र के बगराई गांव में 22 वर्षीय लॉ स्टूडेंट अंकुर चौधरी पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, फरसे और पत्थरों से हमला किया गया था। हमले में अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान शनिवार की रात करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद अंकुर का शव रविवार को उनके पैतृक गांव बगराई लाया गया जहां भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया। इसी बीच मारपीट की घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने इस मामले में 7 नामजद और 6 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस की ओर से कई आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया गया है। अब तक अलग-अलग कार्रवाई में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार के मुताबिक, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया है।
कार लीज़ पर लेने हेतु संपर्क करें: 7906175311, नई गाड़ी 50% कीमत पर ले जाएं



