बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना स्याना के रहने वाले ट्रैफिक कांस्टेबल 35 वर्षीय योगेश शर्मा का शव किराए के कमरे में सड़ी-गली अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक कांस्टेबल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांचों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
आपको बता दें कि वर्ष 2015 में मृतक आश्रित कोटे में अपने पिता की जगह ट्रैफिक कांस्टेबल योगेश शर्मा यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। मृतक योगेश शर्मा गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस में तैनात थे। वह पत्नी सपना, बेटी और बेटे के साथ मसूरी क्षेत्र के आकाशनगर में किराए के मकान में रहते थे। रक्षाबंधन के पर्व के चलते वह छुट्टी लेकर घर गए हुए थे। 30 अगस्त को मृतक योगेश शर्मा छुट्टी से वापस लौटे थे। रक्षाबंधन की सुबह उनकी पत्नी सपना दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। योगेश किराए के कमरे में अकेले थे।
मसूरी थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि उन्हे सूचना मिली की एक किराए के कमरे में सड़ी-गली अवस्था में शव पड़ा हुआ हैं। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक योगेश शर्मा की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
स्याना: गाजियाबाद में तैनात ट्रैफिक कांस्टेबल का सड़ी-गली अवस्था में मिला शव



