बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के शिकारपुर तहसील के थाना अहमदगढ़ क्षेत्र में मेरठ-बदायूं मार्ग पर शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। गांव गंगावास के पास सामने से आ रही पिकअप ने ग्रांड विटारा कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार खुर्जा के श्रम अधिकारी समेत तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, खुर्जा के श्रम अधिकारी अरविंद कुमार धीमान अपने ड्राइवर शिवकुमार और स्टाफ सचिन के साथ निजी ग्रांड विटारा कार से डिबाई से बुलंदशहर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में गांव गंगावास के पास मेरठ-बदायूं मार्ग पर पहुंची। सामने से आ रही पिकअप ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ग्रांड विटारा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार में सवार तीनों लोगों को हल्की चोटें आईं। गनीमत रही कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। दुर्घटना के तुरंत बाद पिकअप चालक मौके से अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों ने घटना की सूचना अहमदगढ़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की स्थिति का भी निरीक्षण किया।
अहमदगढ़ थाना प्रभारी वरुण कुमार शर्मा ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और फरार पिकअप चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
कार लीज़ पर लेने हेतु संपर्क करें: 7906175311, नई गाड़ी 50% कीमत पर ले जाएं



