बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के डिबाई क्षेत्र में बुधवार सुबह जीएसटी कार्यालय को खाली कराने की कार्रवाई को लेकर हंगामा हो गया। शीला सदन स्थित जीएसटी कार्यालय में करीब साढ़े 10 बजे कर्मचारियों ने सामान बाहर निकालना शुरू किया, लेकिन मौके पर पहुंचे व्यापारियों ने इसका विरोध करते हुए कार्रवाई रुकवा दी।
बताया गया कि व्यापारियों के पहुंचने से पहले कार्यालय के एक कमरे का सामान बाहर निकाला जा चुका था। इसके बाद रचित गुप्ता, सनी सिंघल, मयंक वार्ष्णेय, चंद्रप्रभा वार्ष्णेय, अखिल अग्रवाल और जतिन साहनी समेत कई व्यापारी मौके पर पहुंच गए। आपको बता दें कि भवन मालिक एडवोकेट प्रतीक अग्रवाल का कहना है कि जीएसटी विभाग पर करीब 12 से 13 महीने का किराया बकाया है। इसके अलावा बिजली बिल और जलकर का भुगतान भी लंबित बताया गया है। बकाया भुगतान नहीं होने पर भवन के दरवाजों पर ताले लगाए गए थे। वही, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। व्यापारियों ने कार्यालय खाली कराने की वजह और आगे कार्यालय के संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।फिलहाल व्यापारियों के विरोध के बाद सामान बाहर निकालने की कार्रवाई रोक दी गई है। अब पूरे मामले में विभागीय अधिकारियों के जवाब और आगे होने वाली कार्रवाई का इंतजार है।
डिबाई: GST कार्यालय खाली कराने पर व्यापारियों का विरोध
RELATED ARTICLES


