बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के खुर्जा देहात क्षेत्र के किर्रा गांव स्थित औद्योगिक पार्क की निर्माण साइट पर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। 18 और 19 अक्टूबर की रात बदमाशों ने मजदूरों को बंधक बनाकर नकदी, मशीनें और अन्य कीमती सामान लूट लिया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
आरसीसी कंस्ट्रक्शन के सुशील भारद्वाज की शिकायत के मुताबिक, रात करीब 12 बजे तीन से चार बदमाश साइट पर पहुंचे और मजदूरों को अपने कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने दो जनरेटर से तांबा निकालने के साथ पहली साइट से 26 हजार रुपये नकद, ड्रिल मशीन, एलपीजी सिलेंडर, कपड़े, बैग और अन्य सामान लूट लिया। इसके बाद बदमाशों ने दूसरी साइट को भी निशाना बनाया, जहां से छह हजार रुपये नकद और अन्य सामान चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, पास की बिजली साइट से इन्वर्टर की बैटरी भी अपने साथ ले गए। इस तरह बदमाश कुल 32 हजार रुपये नकद के अलावा निर्माण सामग्री और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।
मामले में खुर्जा देहात पुलिस ने 19 अक्टूबर की रात अज्ञात बदमाशों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी भुवनेश कुमार के मुताबिक, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।
खुर्जा में बदमाशों का आतंक, मजदूरों को बंधक बनाकर नकदी और निर्माण सामग्री लूटी
RELATED ARTICLES


