बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में विधान परिषद खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी कुमार हर्ष और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने निकुंज हॉल में निर्वाचन ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग देकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने को कहा। जिले में चुनाव के लिए 22 मतदान केंद्र और 65 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए 7 जोनल मजिस्ट्रेट, 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 260 मतदान कार्मिक और 28 रिजर्व कार्मिक तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 22 बैरियर भी लगाए गए हैं।
इस चुनाव में कुल 17 हजार 686 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 10 हजार 768 स्नातक और 6 हजार 918 शिक्षक मतदाता शामिल हैं। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। मतदान कक्ष में मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने पर रोक रहेगी। डीएम और एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे समय से अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें और निर्वाचन आयोग के नियमों का कड़ाई से पालन कराएं। मतदान के दौरान असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। मतदाताओं को प्रभावित करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन ड्यूटी में किसी भी तरह का पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिसकर्मी सभी मतदाताओं और निर्वाचन से जुड़े लोगों के साथ शालीन व्यवहार करें। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता है।
विधान परिषद चुनाव को लेकर बुलंदशहर पुलिस अलर्ट, डीएम और एसएसपी ने किया ब्रीफ
RELATED ARTICLES


