बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना गुलावठी क्षेत्र के मोहल्ला नन्नू खां में बच्चों के मामूली विवाद को लेकर एक परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से किए गए हमले में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए। बच्चों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। बुधवार को पीड़ित वसीम अहमद ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वसीम अहमद के अनुसार, उनके घर में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के नईम, जुनैद और फैसल ने कथित तौर पर धारदार हथियार, कैंची और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों को भी निशाना बनाया। शोर-शराबा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों का केवल शांति भंग और झगड़े से संबंधित धाराओं में चालान किया, जिससे परिवार में भय का माहौल है। वसीम अहमद ने पुलिस अधीक्षक से मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गुलावठी कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि वसीम की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपियों का झगड़े से संबंधित धाराओं में चालान किया गया था।
गुलावठी: बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, धारदार हथियारों से परिवार पर हमला; कई घायल
RELATED ARTICLES


