बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के औरंगाबाद कस्बे में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार सुबह दर्जनों बंदरों के झुंड ने स्याना हाईवे पर कब्जा कर लिया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बंदरों के सड़क से हटने के इंतजार में कई वाहन चालक रुके रहे।
स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि बंदर छतों से दुकानों में कूदकर सामान उठा ले जाते हैं और कई बार लोगों पर हमला कर उन्हें घायल भी कर चुके हैं। मेडिकल व्यवसायी रविंदर कुमार ने बताया कि बंदरों के डर से ग्राहक भी दुकानों पर आने से कतरा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत में कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। वहीं, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने के लिए मथुरा और वन विभाग की टीम से संपर्क किया जा रहा है।
औरंगाबाद: बंदरों का आतंक, हाईवे पर लगाया जमावड़ा, राहगीर और दुकानदार परेशान
RELATED ARTICLES


