बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद पीलीभीत के एक चपरासी ने अपनी चालाकी से करोड़ों रुपये का घोटाला कर डाला। आरोपी इलहाम खान, जो बिसलपुर इंटर कॉलेज में चपरासी के पद पर तैनात था उसने जुगाड़ के जरिए अपनी पोस्टिंग DIOS कार्यालय में करा ली। यहीं से उसने पूरे फर्जीवाड़े का खेल रचा और तीन शादियां की तथा 7 लोगों के खातों में उसने 8 करोड़ 15लाख रूपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी चपरासी समेत तीनों बीवियों, सास, साली व अन्य रिश्तेदारों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इलहाम खान ने अपनी तीनों पत्नियों, सास, साली और अन्य रिश्तेदारों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें रिकॉर्ड में टीचर, बाबू और ठेकेदार दिखा दिया। इसके बाद वह वेतन के लिए टोकन जनरेट करने के अपने अधिकार का दुरुपयोग करते हुए धीरे-धीरे इन सभी के खातों में कुल 8 करोड़ 15 लाख रुपये ट्रांसफर करता रहा। बड़ी बात यह रही कि आरोपी चपरासी की तीनों पत्नियां अलग-अलग जगहों पर रह रही थीं और उन्हें एक-दूसरे के अस्तित्व तक की जानकारी नहीं थी। पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने पहली पत्नी अर्शी खातून को 19 फरवरी को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इसके बाद पूछताछ में आरोपी की दूसरी पत्नी अजारा खान (मूल निवासी बुलंदशहर, वर्तमान में अलीगढ़ में रह रही) और तीसरी पत्नी लुबना (जनपद संभल निवासी) का भी पता चला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी, उसकी तीनों पत्नियों, सास, साली और अन्य रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर की गई रकम में से करीब 5 करोड़ रुपये फ्रीज कर दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
बुलंदशहर निवासी युवती समेत 3 से शादी करने वाला चपरासी निकला करोड़ों का मास्टरमाइंड, 8.15 करोड़ का फर्जीवाड़ा उजागर
RELATED ARTICLES



