बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना अगौता क्षेत्र में सड़क हादसे में भारतीय सेना के एक जवान और यूपी पुलिस के एक सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सेना के जवान गौतम तेवतिया और यूपी पुलिस के सिपाही रेगीन माथुर अपने दोस्त की भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए बुलंदशहर आए हुए थे। शादी समारोह के दौरान दोनों अगौता बाजार खरीददारी के लिए बुलेट मोटरसाइकिल से निकले थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बुलेट अगौता में अंबेडकर पार्क के सामने पहुंची, तभी वह एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक दोनों ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
शादी में शामिल होने आए सेना के जवान और यूपी पुलिस के सिपाही की मौत
RELATED ARTICLES



