बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के जेवर अड्डा चौराहे के पास स्थित एक मीट शॉप पर उधारी के रुपये मांगना संचालक को भारी पड़ गया। आरोप है कि उधार के पैसे मांगने पर दबंगों ने दुकान पर पहुंचकर संचालक के साथ जमकर मारपीट कर दी और करीब 5000 रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि मीट शॉप संचालक ने कुछ लोगों को उधार पर सामान दिया था। जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी भड़क गए। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी दुकान पर पहुंचे और संचालक के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और थप्पड़ों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान दुकान में रखा करीब 5000 रुपये भी आरोपियों ने छीन लिया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इस पूरी घटना का वीडियो भी मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित ने मामले की शिकायत खुर्जा नगर कोतवाली पुलिस से की है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उधारी मांगना पड़ा भारी: मीट शॉप संचालक से मारपीट, 5000 रुपये लूटने का आरोप
RELATED ARTICLES



