बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना जहाँगीराबाद नगर क्षेत्र में टाटा कंपनी के अधिकारियों और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को मोहल्ला छेपियाँन में छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान नकली टाटा नमक और चाय को जप्त कर लिया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और कार्रवाई के बाद कई दुकानदारों में डर का माहौल है।
आपको बता दें कि टाटा कंपनी के अधिकारियों और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने गांधी चौक चौराहे के आसपास स्थित दुकानों और मोहल्ला छेपियाँन में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान टाटा ब्रांड के नाम पर बेचे जा रहे नमक और चाय के कई संदिग्ध पैकेट बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में पैकेट की छपाई, सील, बैच नंबर और गुणवत्ता में गंभीर अनियमितताएं पाई गई जिससे इनके नकली होने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने मौके से नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि नकली और मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री जनस्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जहाँगीराबाद: नकली टाटा नमक व चाय का भंडाफोड़, टाटा कंपनी और फूड विभाग ने मारी छापेमारी
RELATED ARTICLES



