बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद क्षेत्र के मोहल्ला खत्रीवाड़ा निवासी खुशल गोयल के साथ ऑनलाइन टास्क पूरा कराने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि पीड़ित के अनुसार, 16 नवंबर 2025 को उनके टेलीग्राम अकाउंट पर दीपक चौपड़ा और नताशा अग्रवाल नाम से फोन आया। कॉल करने वालों ने आसान ऑनलाइन टास्क पूरा करने पर मोटे मुनाफे का लालच दिया और भरोसे में लेकर अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर कराए। आरोप है कि जालसाजों ने पहले छोटे टास्क दिखाकर विश्वास जीता और फिर धीरे-धीरे रकम बढ़वाते हुए करीब डेढ़ लाख रुपये अपने खातों में जमा करा लिए। इसके बाद न तो कोई मुनाफा मिला और न ही मूल राशि वापस की गई। जब पीड़ित ने संपर्क करने की कोशिश की तो आरोपियों ने कॉल और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामले ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।


