बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद पुलिस की किराना व्यापारी को गोली मारने वाले बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया जिसके कब्जे से पुलिस को अवैध असलहा कारतूस व बाइक बरामद हुई है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुमित पुत्र रामकुमार निवासी गांव जौली थाना सिकंदराबाद जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। आपको बता दें कि थाना सिकंदराबाद पुलिस टीम एक अभिसूचना के आधार पर गांव जौली गेट के पास शुक्रवार की देर रात संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी उसी समय गांव जौली की तरफ से बाइक पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए जिनको रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह नहीं रुके बल्कि पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए बाइक को तेजी से लेकर जंगल की तरफ जाने वाले रास्ते पर भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा बदमाशों का पीछा किया गया तो कुछ दूरी पर बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। बदमाशों द्वारा अपने आपको पुलिस से घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई। पुलिस टीम द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी जिससे वह घायल हो गया तथा एक बदमाश अंधेरा का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहा जिसकी कांबिंग कर गिरफ्तारी के निरंतर प्रयास किया जा रहे हैं। आरोपी के कब्जे से पुलिस को एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिन्दा व एक खोखा कारतूस व एक बाइक बरामद हुई है। आरोपी सुमित पर जनपद बुलंदशहर में चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
किराना व्यापारी को गोली मारने वाले बदमाशों से पुलिस की हुई मुठभेड़, एक आरोपी गिरफ्तार
RELATED ARTICLES