बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को गुर्जर चौक के पास स्थित एक प्लास्टिक के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब एक लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
आपको बता दें कि मोहल्ला चौधरीवाड़ा निवासी रफीक ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे उन्हें लोगों से गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। जब वह मौके पर पहुंचे तो आग तेजी से फैल चुकी थी और गोदाम से ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। इस दौरान आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा रही। रफीक ने आशंका जताई कि गोदाम के पास झाड़ियों में पहले आग लगी थी जिसकी चिंगारी से यह हादसा हुआ। वहीं, फायर स्टेशन इंचार्ज अतुल तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और बड़ी घटना होने से टाल दिया। फिलहाल घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
सिकंदराबाद: प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
RELATED ARTICLES



