बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में सोमवार को पूर्व विधायक हाजी अलीम के भतीजे सुफियान के जनाजे में हजारों लोगों का जन-सैलाब उमड़ पड़ा। मृतक सुफियान के शव को जैसे ही दफनाने के लिए कब्रिस्तान ले जाया गया। परिजन, रिश्तेदारों के साथ-साथ दूर-दराज से पहुंचे लोगों की भारी भीड़ शामिल हो गई।
आपको बता दें कि गांव नीमखेड़ा निवासी डॉ. मुमताज का करीब 24 बीघा का बाग है, जिसे वह पिछले कुछ समय से बेचना चाहते थे। इसी को लेकर बीते कई दिनों से अलग-अलग लोग उनसे संपर्क कर रहे थे। रविवार की शाम नमाज के बाद सुफियान, उसका भाई अकरम और वकील कादिर बाग को खरीदने के उद्देश्य से मौके पर पहुंचकर अपनी तरफ से नाप-जोख कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति स्कॉर्पियो गाड़ी से वहां पहुंचा और नाप-जोख को लेकर कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में विवाद ने तूल पकड़ लिया और अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद मारपीट की स्थिति बन गई। मारपीट के दौरान सुफियान को गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया सोमवार को सुफियान के जनाजे को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। सुरक्षा के मद्देनजर एसपी देहात, कई सीओ सहित भारी संख्या में पुलिस बल जनाजे के साथ तैनात रहा। पूरे रास्ते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। जनाजे के दौरान इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। हर किसी की आँखे नम थी और माहौल पूरी तरह गमगीन नजर आया। इसके बाद सुफियान को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पूर्व विधायक के भतीजे को भारी सुरक्षा के बीच किया सुपुर्द-ए-खाक
RELATED ARTICLES



