बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे खड़े वाहनों से बढ़ते हादसों पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। प्रशासन ने जनपद में चार स्थानों को चिन्हित करते हुए पार्किंग/होल्डिंग स्थल बनाने का निर्णय लिया है। इन स्थानों के अलावा कहीं भी वाहन खड़ा करने पर अब सीधे कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि एआरटीओ प्रवर्तन नीतू शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि नेशनल हाईवे-34 पर सिकंदराबाद और खुर्जा क्षेत्र में दो-दो स्थानों का चयन किया गया है। सिकंदराबाद बाइपास की शुरुआत में दाईं ओर और बाइपास के अंत में बाईं ओर पार्किंग/होल्डिंग स्थल विकसित किया जाएगा। इसी तरह खुर्जा बाइपास की शुरुआत में दाईं ओर और अंत में बाईं ओर वाहनों के लिए निर्धारित स्थान बनाए जाएंगे।
प्रशासन का कहना है कि इन पार्किंग स्थलों के बनने के बाद वाहन चालकों को अपने वाहन वहीं खड़े करने होंगे। सड़क किनारे वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी, जिससे हाईवे पर जाम और दुर्घटनाओं की समस्या में कमी आएगी।
स्पष्ट चेतावनी देते हुए एआरटीओ ने कहा कि यदि कोई वाहन निर्धारित स्थल के अलावा कहीं और खड़ा पाया गया तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम-1998 और केंद्रीय मोटर वाहन नियमावली के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे पर अब नो-पार्किंग, चार जगह बनेंगे पार्किंग/होल्डिंग जोन
RELATED ARTICLES



