बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के खुर्जा नगर स्थित सुभाष रोड पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। श्री चतुर्थ श्रेणी वैश्य समाज भवन का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय भवन के नीचे स्थित दुकानें बंद थीं जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम करीब चार बजे छज्जा गिरते ही तेज धमाके की आवाज से आसपास लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मलबा सड़क पर फैल जाने से कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। ट्रस्ट के कैशियर शांति स्वरूप ने बताया कि समाज भवन काफी पुराना है और उसका कुछ हिस्सा जर्जर हो चुका है। भवन की समय-समय पर मरम्मत कराई जाती रही है, लेकिन रविवार को अचानक एक ओर का छज्जा गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही ट्रस्ट के सदस्य मौके पर पहुंचे और मजदूरों की मदद से सड़क पर फैला मलबा हटवाया। इसके बाद यातायात दोबारा सुचारू कराया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन के नीचे दुकानें संचालित होती हैं, जो रविवार होने के कारण बंद थीं। यदि दुकानें खुली होतीं या उस समय राहगीर वहां मौजूद होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद लोगों ने जर्जर भवनों की समय रहते जांच और मरम्मत कराने की मांग की है।
खुर्जा: वैश्य समाज भवन का छज्जा भरभराकर गिरा, मची अफरा-तफरी
RELATED ARTICLES


