बुलंदशहर, डस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के जहांगीराबाद में एक व्यापारी की शिकायत पर आम आदमी पार्टी के नेता के खिलाफ रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में 15 अन्य लोगों को भी व्यापारियों को धमकाने व दहशत फैलाने के आरोप में नामजद करते हुए कार्रवाई की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मोहल्ला किला घास मंडी निवासी व्यापारी विनोद गुप्ता ने बताया कि उनके गोदाम पर पूर्व में प्रदूषण विभाग की जांच हुई थी। इसके बाद आप नेता सलीम सैफी ने भविष्य में शिकायत न करने की एवज में 30 हजार रुपए और प्रतिमाह ₹5,000 देने का दबाव बनाया। इसके बाद 31 जुलाई को एक बैठक बुलाई गई। आरोप है कि बैठक समाप्त होने के बाद आप नेता के कहने पर 15 लोग मौके पर पहुंचे और व्यापारियों के साथ गाली गलौज करते हुए उन्हें धमकी दी। सभी पर बाजार का माहौल खराब करने और व्यापारी में दहशत का वातावरण बनाने का प्रयास करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि सलीम सैफी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विकास शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है और कहा कि सलीम सैफी को साजिश के तहत झूठे मुकदमे में फंसाया जा रहा है।
आप नेता पर रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज
RELATED ARTICLES


