बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना बुलंदशहर नगर के वार्ड नंबर छह में शराब के नशे में एक युवक के साथ मारपीट कर ईंट से सिर फोड़ने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष ने सभासद के पति और उनके साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला मुफ्ती वाड़ा निवासी बृजेश पुत्र किशोरी लाल की बहन के साथ कुछ युवक कथित तौर पर शराब के नशे में मारपीट कर रहे थे। पड़ोस में रहने वाले खेमचंद पुत्र नत्थी सिंह और उनका बेटा आशु बीच-बचाव करने के लिए पहुंचे। आरोप है कि बीच-बचाव करने से नाराज आरोपियों और उनके साथियों ने खेमचंद और आशु के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने ईंट से आशु के सिर पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका सिर फूट गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। घायल युवक को डॉक्टरी परीक्षण और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


