बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में बैंक में गिरवी रखी जमीन को बेचने का मामला सामने आया है। मेडिसन मार्केट सराय निवासी अशोक कुमार ने कोतवाली देहात में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए मनोज कुमार समेत अन्य लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने बैंक से कर्ज लेकर गिरवी रखे प्लॉट को बिना जानकारी दिए उन्हें बेच दिया।
पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने 10 फरवरी 2020 को अपनी पत्नी शैला रवि के नाम गांव रामपुर कॉलोनी उर्फ मिर्जापुर थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में 89.41 वर्ग मीटर का प्लॉट मनोज कुमार से खरीदा था। बैनामा कराते समय मनोज कुमार, साहब सिंह और बिचौलिए निर्दोष बंसल ने भरोसा दिलाया था कि जमीन पर किसी भी बैंक का कोई कर्ज या बंधक नहीं है। यही बात बैनामे में भी दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि प्लॉट खरीदने के कुछ समय बाद बैंककर्मियों ने उसी जमीन पर लोन डिफॉल्ट का बोर्ड लगा दिया। इसके बाद पीड़ित को कथित तौर पर पता चला कि जिस प्लॉट को उसने खरीदा था, वह बैंक में गिरवी रखा हुआ था। मामले की जानकारी होने पर अशोक कुमार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले में सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बैंक में गिरवी प्लॉट बेचने का आरोप, खरीदार से लाखों की धोखाधड़ी का मामला दर्ज
RELATED ARTICLES


