बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में डायल-112 पर तैनात हेड कांस्टेबल धीरज सिंह की बीमारी के चलते मौत हो गई। धीरज सिंह मूल रूप से आगरा के रहने वाले थे और थाना बरहना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, धीरज सिंह पुलिस लाइन के पास किराये के मकान में रहते थे। शुक्रवार को ड्यूटी करने के बाद वह अपने कमरे पर चले गए। देर शाम उन्होंने अपने साथी पुलिसकर्मियों को फोन कर सीने में दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
तबीयत में सुधार होने के बाद रात में धीरज सिंह वापस अपने कमरे पर आ गए। शनिवार सुबह मकान मालिक ने उन्हें कमरे में बेहोशी की हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन बुलंदशहर पहुंचे। बताया गया कि धीरज सिंह का करीब तीन साल पहले गाजियाबाद से बुलंदशहर तबादला हुआ था और वह 2005 बैच के सिपाही थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम उन्हें सलामी दी गई।
आगरा: बुलंदशहर में डायल-112 पर तैनात हेड कांस्टेबल की बीमारी से मौत
RELATED ARTICLES


