बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के चोला क्षेत्र के गांव गंगरौल के पास लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई सड़क अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं जिनमें बारिश का पानी भरने से हालात और भी खराब हो गए हैं। ग्रामीणों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
आपको बता दें कि मामला बुलंदशहर के चोला क्षेत्र के गांव गंगरौल के पास का है। यहां तिराहे पर लोक निर्माण विभाग द्वारा बनवाया गया मार्ग बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गया है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से सड़क पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन गई है। यह मार्ग आसपास के करीब 30 से 40 गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है और रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। सड़क खराब होने से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है। आए दिन लोग गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। रात के समय सड़क पर गड्ढे दिखाई नहीं देने से हादसे का खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और गड्ढों को भरवाने की मांग की है।
लोक निर्माण द्वारा बनाई गई सड़क हुई गड्ढों में तब्दील
RELATED ARTICLES


