बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में एक फैक्ट्री के अंदर युवक का लहूलुहान शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गांव अंधेल निवासी 22 वर्षीय नदीम पुत्र वकील के रूप में हुई है। युवक की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम मेसर्स बीआर ग्रीन इंडस्ट्रीज फैक्ट्री में नदीम का शव मिला। इस फैक्ट्री में लोहे के पाइप बनाए जाते हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। नदीम की मौत की खबर सुनकर परिजन और भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता भी फैक्ट्री पहुंच गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि नदीम को बिजली का करंट देकर मारा गया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।जारचा थाने की सैंथली पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक सुनील कुमार ने नदीम के फैक्ट्री में श्रमिक होने के दावे को गलत बताया है। पुलिस के मुताबिक, मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी सीडीआर निकलवाई जा रही है। फिलहाल पुलिस युवक की मौत के कारणों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच में जुटी है।



