बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना अनूपशहर में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दादा और पोते की मौत हो गई। दोनों परिवार के साथ बाइक पर सवार होकर गोद भराई की रस्म से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गंगा पुल पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 10 वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अस्पताल में इलाज के दौरान उसके 65 वर्षीय दादा ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, बच्चे के पिता की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीगढ़ के हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जनकारी के अनुसार, थाना अनूपशहर क्षेत्र के सिरोरा बांगर गांव निवासी महेश चंद्र शुक्रवार को अपनी पत्नी सरोज, 10 वर्षीय बेटे पिंटू और पिता राजपाल के साथ संभल जिले के दीपपुर गांव में गोद भराई के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर शाम करीब 7:30 बजे परिवार बाइक से घर लौट रहा था। तभी गांव से करीब सात किलोमीटर पहले गंगा पुल पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में पिंटू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महेश चंद्र, उनकी पत्नी सरोज और पिता राजपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान राजपाल की भी मौत हो गई। गंभीर हालत में महेश चंद्र को अलीगढ़ रेफर किया गया, जबकि सरोज का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। अपने बेटे को खोने के गम में मां सरोज का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर एक साथ दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उधर, हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराया और फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सीओ अनूपशहर शशांक श्रीवास्तव के मुताबिक, अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



