बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना शिकारपुर क्षेत्र में सूरजभान स्कूल के पास बेसमेंट की खुदाई के दौरान दो मंजिला इमारत अचानक ढह गई। मकान के पास गहरा बेसमेंट खोदा जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि खुदाई के कारण इमारत की नींव कमजोर हुई, जिससे मकान गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि पूरा परिवार खाटू श्याम के दर्शन करने गया हुआ था। मकान गिरने की घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और एहतियात के तौर पर पड़ोसी अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद इलाके में हलचल मची हुई है।



