बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सराय अल्लो में शुक्रवार शाम दबंगों ने समाजवादी पार्टी के पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रिजवान और उनके भतीजे असद अली पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे रिजवान और उनका भतीजा असद अली फैक्ट्री से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रिजवान को 4 से 5 चाकू लगे, जबकि असद अली के सीने और शरीर पर तीन वार किए गए। दोनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को खुर्जा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस मामले में पीड़ित जाहिद अली की तहरीर पर पुलिस ने सराय अल्लो निवासी गुफरान उर्फ सोबी, अशरफ, लाला और आदिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित पक्ष ने पड़ोसियों के साथ पुरानी रंजिश को हमले की वजह बताया है।
पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
खुर्जा: सपा के पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष व भतीजे पर चाकुओं से जानलेवा हमला, दोनों गंभीर
RELATED ARTICLES


