बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): बुलंदशहर में दीपावली का त्योहार नजदीक है, लेकिन गन्ने का बकाया भुगतान नहीं मिलने से किसानों की आर्थिक परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। चीनी मिलों पर करोड़ों रुपये का बकाया होने से नाराज सैकड़ों किसानों ने शनिवार दोपहर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) महाशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में कलक्ट्रेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने प्रशासन और चीनी मिल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द भुगतान की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि त्योहार सिर पर है, लेकिन किसानों के पास अपने परिवार की जरूरतें पूरी करने तक के लिए पैसे नहीं हैं। चीनी मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपये बकाया फंसा हुआ है। लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद किसानों के खातों में भुगतान नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और मिल प्रबंधन केवल आश्वासन देकर किसानों को टाल रहे हैं, जबकि किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए कलक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने किसानों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और जिला गन्ना अधिकारी से वार्ता कर भुगतान की प्रक्रिया तेज कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर गन्ना भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित कराई जाएगी।
बुलंदशहर: गन्ना भुगतान न मिलने पर किसानों का फूटा गुस्सा, कलक्ट्रेट का किया घेराव
RELATED ARTICLES


